अंबिकापुर: अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा है कि ईसाई धर्म अपनाने वाले आदिवासियों को आरक्षण का लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने मतांतरित आदिवासियों को आरक्षण से बाहर करने के लिए डीलिस्टिंग की मांग का समर्थन किया।
अंबिकापुर में पत्रकारों से बातचीत में तोगड़िया ने कहा कि जैसे अनुसूचित जाति के ईसाई बनने पर आरक्षण समाप्त हो जाता है, वैसे ही आदिवासियों के मामले में भी ऐसा होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इससे परंपरागत आदिवासी समुदाय के लोगों को फायदा मिलेगा।
हर गांव में सामूहिक हनुमान चालीसा का आह्वान
तोगड़िया ने देश के हर गांव और शहर की गलियों में मंगलवार या शनिवार की रात सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे हिंदू समाज के लोगों के बीच संपर्क और सहयोग बढ़ेगा। संगठन हनुमान चालीसा केंद्रों को सेवा केंद्र के रूप में विकसित कर रहा है, जहां गरीबों को मुफ्त अनाज, स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय सहायता देने की व्यवस्था होगी।
किसानों को मुआवजा देने की मांग
उन्होंने चक्रवात से छत्तीसगढ़ में धान की फसल को हुए नुकसान पर चिंता जताई। तोगड़िया ने राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने बताया कि हिंदू हेल्पलाइन के जरिए अस्पताल, डॉक्टर, ब्लड और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 020-6680-3300 जारी किया गया है।