डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के चौथना गांव में मां-बेटे की हत्या और उनकी बेटी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद और जादू-टोना किए जाने का संदेह वजह हो सकता है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को सुखी सोनकर घर पहुंचे तो उनकी पत्नी कमला सोनकर और बेटे खुमेन्द्र सोनकर के शव मिले। उनकी बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
चाची और चचेरे भाई पर टंगिया से हमला
पुलिस की जांच में मुख्य आरोपी हेमंत कुमार सोनकर का नाम सामने आया। इसके बाद सोनू सोनकर और केशर सोनकर को भी मामले में आरोपी बनाया गया। पुलिस का आरोप है कि हेमंत ने धारदार हथियार टंगिया से अपनी चाची कमला और चचेरे भाई खुमेन्द्र पर हमला किया। इस दौरान ममता भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने को लेकर जादू-टोना किए जाने का संदेह था। हालांकि, वारदात के कारणों और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होगी।
टंगिया और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल की गई टंगिया और मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना के समय पहने गए कपड़ों और हथियार के लकड़ी के बेंट को जलाकर नष्ट करने के प्रयास से जुड़े अवशेष भी जब्त किए गए हैं।
डोंगरगढ़ के एसडीओपी केसरी नंदन नायक के अनुसार, तीनों आरोपियों को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।