कवर्धा धरमपुरा और बिरकोना में 78.51 लाख रुपये से बनेंगी सड़कें और नालियां

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत धरमपुरा और बिरकोना में सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। दोनों परियोजनाओं पर कुल 78.51 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

धरमपुरा और बिरकोना में होंगे निर्माण

धरमपुरा में मानिकचैरी मुख्य मार्ग से धान खरीदी केंद्र और गौठान तक 49.74 लाख रुपये की लागत से 500 मीटर लंबी सीसी सड़क और नाली बनाई जाएगी। वहीं, बिरकोना में 28.77 लाख रुपये की लागत से 250 मीटर सड़क और नाली का निर्माण होगा।

इन कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने और जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और ठेकेदार को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

85 स्कूलों में पढ़ाई के लिए लगेंगी स्क्रीन

विजय शर्मा ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 85 स्कूलों में से 50 में स्क्रीन लगाई जा चुकी हैं। बाकी 35 स्कूलों में भी स्क्रीन लगाने की योजना है। क्षेत्र के सभी आठ छात्रावासों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ करियर काउंसलिंग और कोचिंग देने के लिए ऑनलाइन शिक्षा संस्थान फिजिक्स वाला से बातचीत की गई है।

नक्सलवाद के खिलाफ प्रयासों की सराहना

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में विजय शर्मा की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में प्रयास किए गए हैं।