कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में भारतीय किसान संघ का चक्काजाम दूसरे दिन भी जारी है। 23 मांगों को लेकर हो रहे प्रदर्शन के कारण रायपुर, जबलपुर, बिलासपुर और राजनांदगांव की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर आवाजाही प्रभावित है। नेशनल हाईवे पर 24 घंटे से अधिक समय से जाम लगा है और सड़कों पर ट्रैक्टरों की लंबी कतारें हैं।
जाम के चलते नौकरी, कारोबार और अन्य जरूरी कामों के लिए निकले लोगों को परेशानी हो रही है। कई वाहन रास्ते में फंसे हैं, जबकि कुछ लोग दूसरे रास्तों से जाने की कोशिश कर रहे हैं।
आवागमन बाधित होने का असर स्कूलों पर भी पड़ा है। जानकारी के मुताबिक, कुछ निजी स्कूलों में छुट्टी की गई है, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों की दिनचर्या प्रभावित हुई है।
भारतीय किसान संघ के प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे हैं। किसान अपने साथ राशन-पानी लेकर पहुंचे हैं और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
किसान संगठन और प्रशासन के बीच बातचीत के बावजूद अब तक समाधान नहीं निकल पाया है। फिलहाल यातायात बहाल कराना और लोगों को राहत देना प्रशासन के सामने चुनौती बनी हुई है।