बुलेट के पटाखे जैसे शोर पर पुलिस की कार्रवाई, 800 मॉडिफाइड साइलेंसर रोड रोलर से नष्ट

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में तेज और पटाखों जैसी आवाज निकालने वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। अभियान के दौरान जब्त किए गए 800 मॉडिफाइड साइलेंसरों को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, ऐसे साइलेंसरों के इस्तेमाल से सड़क पर ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और आम लोगों को परेशानी होती है। कार्रवाई का उद्देश्य अनावश्यक शोर पर रोक लगाना है।

पुलिस ने ऑटो पार्ट्स दुकानदारों, मैकेनिकों और गैरेज संचालकों को भी चेतावनी दी है। उन्हें नियमों के खिलाफ मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने या वाहनों में लगाने से बचने को कहा गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के जरिए वाहन चालकों और कारोबारियों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया है।