रायपुर में शिक्षक को डिजिटल अरेस्ट कर 18 लाख की ठगी

रायपुर: राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने खुद को एटीएस और एनआईए अधिकारी बताकर एक 60 वर्षीय शिक्षक को तीन दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा। मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगों ने उनसे 18 लाख रुपये आरटीजीएस करा लिए।

सड्डू निवासी शिक्षक अखिलेश कुमार मिश्र के पास 24 सितंबर को फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एटीएस अधिकारी बताया और दावा किया कि उनके आधार नंबर से जम्मू-कश्मीर में बैंक खाता खोला गया है। इस खाते से मनी लॉन्ड्रिंग होने की बात कही गई।

इसके बाद शिक्षक को वॉट्सऐप वीडियो कॉल पर पुलिस की वर्दी पहने एक युवक से बात कराई गई। ठगों ने उनसे परिवार, बैंक खाते, एफडी और संपत्ति की जानकारी भी ली।

अगले दिन कथित एनआईए अधिकारी ने शिक्षक को बताया कि उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी है। ठगों ने कहा कि जांच पूरी होने तक उनकी रकम आरटीजीएस के जरिए जमा करनी होगी। इसके बदले उन्हें ‘नॉन-इन्वॉल्वमेंट सर्टिफिकेट’ देने का झांसा दिया गया।

27 सितंबर को शिक्षक ने अपनी एफडी तुड़वाकर 18 लाख रुपये ठगों के बताए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने बैंक पासबुक अपडेट कर उसकी फोटो भी वॉट्सऐप पर मंगाई।

ठगी का एहसास होने के बाद शिक्षक ने रेंज साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।