रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर रायपुर में बुधवार को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए।
कार्यक्रम में ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के जीवन, संघर्ष और राजनीतिक सफर को दिखाया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी की यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी रही है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीब, किसान, युवा, महिलाओं और वंचित वर्गों को केंद्र में रखकर काम किया है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भी सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की जीवन यात्रा को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और क्षेत्र में शांति एवं विकास के प्रयासों का भी जिक्र किया।