बिलासपुर में सास को जहरीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने का आरोप, एक हफ्ते वेंटिलेटर पर रही महिला

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक महिला ने अपनी बहू पर कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगा नगर की है। 57 वर्षीय महिला की हालत बिगड़ने पर उसे करीब एक सप्ताह तक वेंटिलेटर पर रखा गया।

पीड़िता रूखमणी सिंह के मुताबिक, 17 जुलाई को उपवास के दौरान उसकी बहू कविता ने उसे कोल्ड ड्रिंक दी थी। इसे पीने के कुछ देर बाद उसे उल्टी और चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। पहले निजी अस्पताल और फिर सिम्स में उसका इलाज चला।

तबीयत में सुधार के बाद पुलिस ने 2 अगस्त को अस्पताल में उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद 3 अक्टूबर को लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस ने बहू के खिलाफ BNS की धारा 118(1) में मामला दर्ज किया।

रूखमणी ने आरोप लगाया कि अस्पताल में भर्ती होने के दौरान कविता घर से जेवर और करीब 3.50 लाख रुपये लेकर मायके चली गई। महिला ने घटना के पीछे बहू के एक युवक से कथित प्रेम संबंध को लेकर हुआ विवाद बताया है।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से जांच की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।