रायपुर: छत्तीसगढ़ के दूरदराज इलाकों में अब सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बढ़ी है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस्तर और सरगुजा संभाग के 850 गांव नियमित बस सेवा से जुड़ चुके हैं।
योजना की शुरुआत अक्टूबर 2025 में 34 रूट और 34 बसों से हुई थी। एक साल में इसका दायरा बढ़कर 106 मार्गों और 107 बसों तक पहुंच गया है। इन बसों ने अब तक करीब 24 लाख किलोमीटर की दूरी तय की है।
सरकार के मुताबिक, इन सेवाओं से ग्रामीणों को अस्पताल, स्कूल, बाजार और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में आसानी हुई है। खासकर उन इलाकों में इसका असर दिख रहा है, जहां पहले लोगों को पिकअप या दूसरे वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था।
सरकार अब योजना का दूसरा चरण शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत आठ और जिलों के अनुसूचित क्षेत्रों में बस सेवा पहुंचाने का प्रस्ताव है। करीब 4,368 बस सुविधा से वंचित गांवों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
बसों की निगरानी के लिए GPS आधारित सिस्टम लगाया गया है। वहीं, निजी बस संचालकों को निर्धारित मार्ग पर संचालन के लिए सरकार आर्थिक सहायता भी दे रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि दूरस्थ गांवों के लोगों को भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंच के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिले।