15 साल से पुलिया का इंतजार, ग्रामीणों ने 5 घंटे में बना दिया रास्ता

कवर्धा: कबीरधाम जिले के खपरी गांव में पुलिया की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने खुद ही अस्थायी रास्ता तैयार कर लिया। बैजागी नाले पर पक्की पुलिया के लिए ग्रामीण करीब 15 साल से मांग कर रहे थे, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ।

रविवार को 50 से ज्यादा ग्रामीण फावड़े और खाली बोरियां लेकर नाले पर पहुंचे। उन्होंने रेत और मिट्टी से बोरियां भरीं और नाले में बिछाकर करीब पांच घंटे में आवागमन के लिए रास्ता बना दिया।

बारिश के दौरान नाले में तीन फीट से ज्यादा पानी भर जाता है। इससे गांव के लोगों के साथ किसानों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी होती है। यही रास्ता महामाया मंदिर और खेतों तक जाने के लिए भी इस्तेमाल होता है।

ग्रामीणों का कहना है कि बनाया गया रास्ता केवल अस्थायी राहत है। उन्होंने प्रशासन से अगली नवरात्रि से पहले यहां पक्की पुलिया बनाने की मांग की है, ताकि हर साल इसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।