बिलासपुर: मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को छात्रा के साथ रास्ते में मारपीट की गई और उसे धमकाया गया। घटना के बाद वह डर के कारण घर नहीं लौटी और दूसरे शहर चली गई।
अगले दिन घर लौटने के दौरान आरोप है कि दोनों युवकों ने उसे फिर रास्ते में रोका और एक मकान में ले गए। शिकायत के मुताबिक, वहां छात्रा को नशीला इंजेक्शन दिया गया। बाद में छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
जरहागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच जारी है।