दिशा बोध विभूति मंच ने किया प्रतिभाओं का सम्मान, देवकर साहेब बोले- ऐसे आयोजन समाज को देते हैं नई दिशा

नवापारा-राजिम। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिशा बोध विभूति मंच ने मधुबन धाम में सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, साहित्य, कला, संस्कृति, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, कृषि और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिभाओं और समाजसेवियों का सम्मान किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि सोनपैरी आश्रम के देवकर साहेब ने कहा कि अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण से समाज को नई दिशा देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान करना सराहनीय पहल है।

प्रतिभाओं को पहचान देने का माध्यम है मंच

देवकर साहेब ने कहा कि दिशा बोध विभूति मंच का प्रयास समाज की उन प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देने का अच्छा माध्यम है, जो अपने कार्यों से सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। समाज की वास्तविक पहचान केवल उसकी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों के प्रति सम्मान के भाव से भी होती है।

नई पीढ़ी को मिलती है प्रेरणा

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं और समाज में उत्कृष्ट योगदान की परंपरा को मजबूत बनाते हैं। देवकर साहेब ने आयोजन के लिए दिशा बोध विभूति मंच के सभी पदाधिकारियों और आयोजकों को बधाई दी। साथ ही सम्मानित प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।