चिकन बिरयानी और करी में तय सीमा से ज्यादा फूड कलर, जगदलपुर में 5 किलो खाना नष्ट

जगदलपुर: चिकन बिरयानी और करी को आकर्षक रंग देने के लिए जरूरत से ज्यादा फूड कलर का इस्तेमाल करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जगदलपुर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान ऐसे ही मामले में करीब पांच किलो चिकन बिरयानी और करी नष्ट कराई है। वहीं, साफ-सफाई में गंभीर कमी मिलने पर एक होटल को तीन दिनों के लिए बंद रखने का निर्देश दिया गया है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से प्रदेशभर में 15 दिवसीय विशेष अभियान ‘सुरक्षित आहार, हमार अधिकार’ चलाया जा रहा है। इसके तहत होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रंगों के इस्तेमाल और स्वच्छता की जांच की जा रही है।

अभियान के पहले दिन जगदलपुर में विभाग की टीम ने तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच में चिकन बिरयानी और चिकन करी में निर्धारित मात्रा से अधिक फूड कलर का इस्तेमाल पाया गया। इसके बाद करीब तीन किलो चिकन बिरयानी और दो किलो चिकन करी नष्ट कराई गई।

इसके अलावा, एक प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। विभाग ने उसे तीन दिनों तक बंद रखने और इस दौरान डीप क्लीनिंग कर स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।

खाद्य विभाग के मुताबिक, अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले रंगों की गुणवत्ता और मात्रा पर विशेष नजर रखी जाएगी। निर्धारित सीमा से अधिक फूड कलर या अखाद्य रंगों का इस्तेमाल करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की अधिकारी पूनम कांडे ने बताया कि यह अभियान अगले 15 दिनों तक जारी रहेगा। इस दौरान शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा।