जनजातीय गौरव दिवस पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का संदेश, बोले- शिक्षा से ही बनेगा आदिवासी समाज का उज्ज्वल भविष्य

बलौदाबाजार। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर सोमवार को बलौदाबाजार जिला मुख्यालय स्थित जिला ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही आदिवासी समाज के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। नई पीढ़ी को शिक्षित कर ही समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह और वीर गुंडाधुर जैसे जननायकों का संघर्ष और बलिदान आदिवासी समाज की अमूल्य धरोहर है। उनकी गाथाएं नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए, ताकि युवा अपने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर गर्व कर सकें।

नक्सलवाद विकास में बड़ी बाधा

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद आदिवासी अंचलों के विकास में बड़ी बाधा रहा है। सरकार इसके खात्मे के साथ भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में वापस लाने और उनके पुनर्वास के लिए प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना और महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

सोलर ऊर्जा से रोशन होंगे दूरस्थ गांव

दुर्गम वनांचलों में बिजली की समस्या पर सांसद ने कहा कि जहां बिजली के तार पहुंचाना मुश्किल है, वहां सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराई जा सकती है। जिन गांवों तक अभी सोलर सुविधा नहीं पहुंची है, वहां भी इसे पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।

प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का होगा प्रोत्साहन

समारोह में आदिवासी समाज की शिक्षा, एकता और संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया गया। शहीद वीर नारायण सिंह के वंशज राजेंद्र दीवान और सर्व आदिवासी समाज के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र ध्रुववंशी ने आयोजन और आदिवासी परंपराओं के संरक्षण के प्रयासों के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान भी किया गया।