जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रिश्वत लेकर आरोपियों को छोड़ने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सारागांव थाने में पदस्थ प्रशिक्षु उप निरीक्षक (SI) समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इन पर अवैध शराब बिक्री के मामले में पकड़े गए आरोपियों को एक लाख रुपये लेकर छोड़ने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय को शिकायत मिली थी कि सारागांव थाने के कुछ पुलिसकर्मियों ने अवैध शराब के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनसे कथित तौर पर एक लाख रुपये लिए और उन्हें छोड़ दिया।
शिकायत मिलने के बाद एसपी ने मामले की प्रारंभिक जांच कराई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद संबंधित छह पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
CSP जांजगीर करेंगे मामले की विस्तृत जांच
एसपी विजय पाण्डेय ने मामले की आगे की जांच की जिम्मेदारी सीएसपी जांजगीर को सौंपी है। विस्तृत जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कथित रिश्वत लेन-देन में कौन-कौन शामिल था और आरोपियों को किन परिस्थितियों में छोड़ा गया।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के आरोपों पर सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।