छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू, सीएम साय का धान से हुआ तुलादान; 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा भाव

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सोमवार से धान खरीदी की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में पूजा-अर्चना कर खरीदी अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खुद इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से धान तौला। किसानों ने धान से उनका तुलादान कर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान करते हुए उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी होगी।

21 क्विंटल से कम बेचने पर भी मिलेगी पूरी सहायता

सीएम साय ने कहा कि कम उत्पादन या मौसम की वजह से 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी आदान सहायता राशि दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर, यदि किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के बराबर सहायता भी मिलेगी। इस तरह पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की निर्धारित आदान सहायता प्राप्त होगी।

360 नए खरीदी केंद्र शुरू

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं। इसके साथ ही कुल उपार्जन केंद्रों की संख्या लगभग 3,100 हो गई है।

पहले दिन 52 क्विंटल धान की खरीदी

सेंदरी सेवा सहकारी समिति में पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान खरीदा गया। खेमचरण पटेल से 24.80 क्विंटल, संदीप ध्रुव से 20.80 क्विंटल और संजय यादव से 6.40 क्विंटल धान की खरीदी हुई।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।