दिल्ली में योगेश अग्रवाल को मिला ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड’, छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के समाजसेवी और सांस्कृतिक व्यक्तित्व योगेश अग्रवाल को दिल्ली में आयोजित समारोह में ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड’ के तहत ‘अग्र गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान समाजसेवा, सामाजिक नेतृत्व, सांस्कृतिक गतिविधियों और उद्योग जगत में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।

14 नवंबर को दिल्ली के डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से आयोजित समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस मौके पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज सहित देशभर से आए एक हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए।

योगेश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के जीवन और आदर्शों पर आधारित महानाट्य का निर्माण किया है। इसका मंचन देश के 40 से अधिक शहरों में हो चुका है। इस प्रस्तुति के जरिए ‘एक ईंट, एक रुपया’ के सिद्धांत के साथ सामाजिक समरसता, सहयोग और समानता का संदेश दिया जा रहा है।

उद्योग जगत में भी योगेश अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे 19 वर्षों तक छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे हैं। वर्तमान में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया राइस मिल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं।

इसके अलावा वे विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों के माध्यम से समाजसेवा और सामाजिक एकता के कार्यों में सक्रिय हैं। इस सम्मान से छत्तीसगढ़ के सामाजिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक जगत में खुशी का माहौल है।