रायपुर में पुलिस का बड़ा अभियान, 106 गुंडे-बदमाशों की चेकिंग; 7 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

रायपुर। राजधानी में अपराधों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए रायपुर पुलिस ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पश्चिम जोन में दो दिनों तक चले इस अभियान में 106 बदमाशों की जांच की गई। इनमें से 68 की परेड कराई गई, जबकि 7 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

यह अभियान पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की निगरानी में चलाया गया। इसमें पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेंद्र नगर, टिकरापारा और मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें शामिल रहीं।

बदमाशों को दी गई सख्त हिदायत

पुलिस ने 106 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों और आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई। 68 बदमाशों की परेड कराकर उन्हें अपराधों से दूर रहने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई। साथ ही पुलिस के बुलाने पर थाने में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।

5 वारंटियों को पकड़ने में मिली सफलता

अभियान के दौरान सक्रिय बदमाशों को चिह्नित कर 7 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा फरार वारंटियों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 2 स्थायी वारंट और 3 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।

पश्चिम जोन पुलिस के मुताबिक, अपराधों पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।