वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ वक्ता मंच ने मनाई दिवाली, 35 साल से निभा रहा खुशियां बांटने की परंपरा

रायपुर। दीपावली के अवसर पर अपनों का साथ हर किसी को मिले, यह जरूरी नहीं। इसी कमी को दूर करने और बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लाने के लिए रायपुर की सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था वक्ता मंच ने संजीवनी वृद्धाश्रम में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया। ‘एक दिवाली-खुशियों वाली’ थीम पर हुए इस आयोजन में बुजुर्गों के साथ दीये जलाए गए, मिठाइयां बांटी गईं और रात्रि भोज किया गया।

13 नवंबर की रात कोटा स्थित वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम करीब तीन घंटे चला। वक्ता मंच पिछले 35 वर्षों से दीपावली पर जरूरतमंदों के बीच खुशियां बांटने की परंपरा निभा रहा है। इस वर्ष भी 9 से 12 नवंबर तक निचली बस्तियों, आंगनबाड़ी केंद्रों और गरीब बच्चों के बीच सहायता गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के पूर्व अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल थे। वरिष्ठ साहित्यकार शुभा शुक्ला ‘निशा’ ने अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों में एम राजीव, पंडित पीके तिवारी, कवयित्री उर्मिला देवी और साहित्यकार चेतन भारती शामिल रहे। इस दौरान वक्ता मंच की संरक्षिका ज्योति शुक्ला का जन्मदिन भी मनाया गया।

कार्यक्रम का संचालन मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने किया और संयोजन शुभम साहू ने संभाला।

वक्ता मंच के सदस्य अब 15 नवंबर को शाम 7 बजे सुंदर नगर स्थित प्रशामक देखरेख गृह में भी दीपावली मिलन समारोह आयोजित करेंगे। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों और बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करना है।