केशकाल के ईरागांव में आबकारी विभाग की छापेमारी, 36.380 बल्क लीटर शराब जब्त

केशकाल: छत्तीसगढ़ के केशकाल विकासखंड के ग्राम ईरागांव में आबकारी विभाग के राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल ने अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की है। रायपुर से पहुंची टीम ने एक रिहायशी मकान में छापा मारकर अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

अमृतलाल नेगी के मकान में दी दबिश

आबकारी विभाग के मुताबिक, टीम को ईरागांव में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का भंडारण कर बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर ग्राम निवासी अमृतलाल नेगी पिता सोनलाल नेगी के मकान की तलाशी ली गई।

इस दौरान टीम को 67 नग सिंबा केन बीयर, 6 नग मेडऑफ व्हिस्की और 10 नग पाव देशी मदिरा प्लेन शोले मिली। विभाग ने जब्त शराब की कुल मात्रा 36.380 बल्क लीटर बताई है।

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आबकारी टीम ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जगदलपुर जेल भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी एक कांग्रेस नेता का पुत्र है। हालांकि, विभाग की कार्रवाई का आधार अवैध शराब के भंडारण और बिक्री से जुड़ी सूचना बताई गई है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।