CM विष्णुदेव साय का कांग्रेस पर निशाना, बोले- इंडी गठबंधन की दोहरी राजनीति से लोकतंत्र को खतरा

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र को कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कथित दोहरी राजनीति से खतरा है। मुख्यमंत्री ने यह बात जशपुर में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।

इस दौरान उन्होंने महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर और कांग्रेस नेता अमित जोगी के बयान पर भी प्रतिक्रिया दी।

आपातकाल और अनुच्छेद 356 का किया जिक्र

मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने अपने शासनकाल में आपातकाल लागू कर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया था। उनके मुताबिक, उस दौरान विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया और मीडिया की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए।

उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 356 का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कई बार गैर-कांग्रेसी सरकारों को बर्खास्त करने के लिए इसका इस्तेमाल किया। सीएम ने कहा कि ऐसे इतिहास वाली पार्टी का आज लोकतंत्र की रक्षा की बात करना विरोधाभास है।

EVM और SIR पर सवाल उठाने को लेकर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव में हार के बाद कांग्रेस और विपक्षी दल वोट चोरी, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), EVM और निर्वाचन आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम पक्ष में आने पर इन्हीं संस्थाओं पर भरोसा जताया जाता है, जबकि हार के बाद सवाल खड़े किए जाते हैं।

साय ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए जनता को लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ पर क्या बोले CM?

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को विदेश से भारत लाया गया है और अब CBI उससे पूछताछ करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और अवैध सट्टा कारोबार के नेटवर्क के बारे में जानकारी सामने आ सकती है।

अमित जोगी के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया

सौरभ चंद्राकर को हीरो बताए जाने संबंधी अमित जोगी के बयान पर मुख्यमंत्री ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर महादेव सट्टा ऐप मामले में गंभीर आरोप हैं, उसे हीरो बताना उचित नहीं है। सीएम ने कहा कि इस बयान के पीछे की सोच का आकलन जनता खुद कर सकती ह