केशकाल में 32 युवाओं ने थामा भाजपा का दामन, विधायक नीलकंठ टेकाम ने दिलाई सदस्यता

केशकाल: छत्तीसगढ़ के केशकाल विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को ईरागांव के 32 युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। विधायक नीलकंठ टेकाम ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी युवाओं को पार्टी का गमछा पहनाकर संगठन में शामिल कराया।

विधायक टेकाम ने नए सदस्यों का स्वागत किया। इस दौरान युवाओं ने भाजपा की विचारधारा से जुड़कर संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

पहले भी करीब 70 लोगों ने ली थी सदस्यता

केशकाल विधानसभा क्षेत्र में हाल के दिनों में भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत नए लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। इससे पहले क्षेत्र की तीन अलग-अलग ग्राम पंचायतों के करीब 70 लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली थी। अब ईरागांव के 32 युवाओं के पार्टी में शामिल होने से स्थानीय संगठन को नई भागीदारी मिली है।

विकास कार्यों को बताया सदस्यता की वजह

स्थानीय भाजपा नेताओं के मुताबिक, विधायक नीलकंठ टेकाम की ओर से क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों और जनहित से जुड़ी गतिविधियों से प्रभावित होकर युवा पार्टी से जुड़ रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर काम को प्राथमिकता देने की बात कही गई।

पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि युवाओं की भागीदारी से ग्रामीण क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

सदस्यता कार्यक्रम में जिला भाजपा उपाध्यक्ष आकाश मेहता, धनोरा मंडल अध्यक्ष सीतेश सिन्हा, केशकाल मंडल अध्यक्ष लंबोदर सलाम, मंडल महामंत्री रोशन सिन्हा और वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण दत्त उपाध्याय सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।