नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में बुधवार, 4 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली। साप्ताहिक बाजार स्थित डोम से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला भाजपा कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता झंडे और तख्तियां लेकर शामिल हुए। इस दौरान डीजे पर बज रहे ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ गीत और नारों ने लोगों का ध्यान खींचा।
पदयात्रा से पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ और नारायणपुर की पहचान शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास से रही है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता का लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों में विश्वास अटूट है।
कश्यप ने कहा कि लोकतंत्र की ताकत जनता के विश्वास और उसकी सक्रिय भागीदारी में है। राजनीतिक मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं और प्रक्रियाओं का सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों की भूमिका तथा एसआईआर के विरोध पर भी अपनी बात रखी।
जागरूक नागरिक लोकतंत्र की ताकत: यशवंत जैन
भाजपा प्रदेश महामंत्री और बस्तर संभाग प्रभारी यशवंत जैन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों की भागीदारी और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान पर निर्भर करती है। भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने पार्टी की लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता जताई। जिला पंचायत अध्यक्ष और पदयात्रा संयोजक नारायण मरकाम ने अभियान को जनजागरण से जुड़ा बताया।
कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि हुए शामिल
कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी सुधीर पांडेय, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय, राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम और नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिय