रायपुर: छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव 2026 में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रदर्शनी को प्रथम पुरस्कार मिला है। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में तैयार ‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर आधारित इस मंडप को विभागीय प्रदर्शनियों में सर्वश्रेष्ठ चुना गया। राज्योत्सव के समापन एवं अलंकरण समारोह में विभाग की ओर से अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण कुमार पाण्डेय ने पुरस्कार ग्रहण किया।
‘बंदूक से कैफे तक’ की कहानी ने खींचा ध्यान
करीब 88×30 फीट में तैयार प्रदर्शनी को वॉक-थ्रू गैलरी का रूप दिया गया था। इसमें जनजातीय गौरव वाटिका, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के चेंदरू द्वार और दंतेवाड़ा के वन मंदिर के प्रवेश द्वार बनाए गए थे।
प्रदर्शनी के एक हिस्से में बस्तर में हो रहे बदलावों को दिखाया गया। सुकमा के टुंगल बांध में आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटी महिलाओं द्वारा संचालित टुंगल कैफे और स्थानीय युवाओं के लिए नौका विहार व कयाकिंग से रोजगार के अवसरों को प्रमुखता दी गई। ढुढमारास गांव के होमस्टे, पुष्पाल वैली के इको-कॉटेज, तीरथगढ़ जलप्रपात और इंद्रावती टाइगर रिजर्व के मॉडल भी आकर्षण रहे।
वन्यजीव संरक्षण और पौधरोपण की उपलब्धियां प्रदर्शित
दूसरे हिस्से में कोपरा जलाशय को मिले रामसर स्थल के दर्जे, बारनवापारा अभयारण्य में काले हिरणों की वापसी और औरापानी गिद्ध संरक्षण क्षेत्र के प्रयासों को दर्शाया गया। हाथी-मानव द्वंद्व रोकने के लिए ‘गज संकेत’ ऐप का लाइव डेमो भी दिया गया।
प्रदर्शनी में पौधरोपण के आंकड़े भी रखे गए। विभाग के अनुसार, वर्ष 2024 में 3.50 करोड़ और 2025 में 3.55 करोड़ पौधे लगाए गए। किसान वृक्ष मित्र योजना के तहत 36,896 किसानों द्वारा 62,441 एकड़ भूमि पर 3.67 करोड़ पौधे लगाने की जानकारी भी दी गई।
QR क्विज, गेम्स और हर्बल उत्पाद रहे आकर्षण
मंडप में क्यूआर कोड आधारित वन्यजीव क्विज, गेम्स, 360 डिग्री वीडियो और सेल्फी पॉइंट बनाए गए थे। दर्शक क्यूआर कोड स्कैन कर वन विभाग की वेबसाइट से योजनाओं और पर्यटन स्थलों की जानकारी भी प्राप्त कर सकते थे।
इसके अलावा बांस से बने शिल्प उत्पादों और ‘छत्तीसगढ़ हर्बल्स’ के शहद, औषधीय उत्पादों तथा अन्य वन उपज की प्रदर्शनी और बिक्री की गई। वन मंत्री केदार कश्यप ने इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और वन धन केंद्रों से जुड़े सदस्यों को बधाई दी।