शिक्षा मंत्री के बंगले में D.Ed अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग

रायपुर: छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे D.Ed अभ्यर्थियों ने गुरुवार को राजधानी रायपुर में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बंगले के परिसर में पहुंचकर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और सरकार नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करे।

321 दिनों से जारी है आंदोलन

अभ्यर्थियों के मुताबिक, वे पिछले 321 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से प्रदर्शन के बावजूद अब तक नियुक्ति को लेकर कोई स्पष्ट समय-सीमा सामने नहीं आई है। अभ्यर्थियों ने सरकार से इस मामले में जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

बंगले पर पहुंचा पुलिस और प्रशासनिक अमला

शिक्षा मंत्री के बंगले में प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी वहां पहुंचकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से बातचीत की। अधिकारी उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे।

प्रदर्शन के समय बंगले में मौजूद नहीं थे मंत्री

प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं थे। फिलहाल अभ्यर्थियों का धरना जारी है। उनकी प्रमुख मांग 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने के साथ सरकार की ओर से स्पष्ट तारीख घोषित करना है