नई दिल्ली: अभिनेत्री नोरा फतेही ने शुक्रवार, 6 नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की कथित वसूली के मामले में गवाह के तौर पर बयान दर्ज कराया। इस मामले में नोरा आरोपी नहीं हैं।
अदालत में उन्होंने बताया कि वह टी-सीरीज के एम्प्लॉयमेंट वीजा पर भारत में रह रही हैं। जांच के मुताबिक, दिसंबर 2020 में चेन्नई के एक पांच सितारा होटल में आयोजित चैरिटी कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉलोस से हुई थी। नोरा को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और डांस प्रतियोगिता के जज के तौर पर बुलाया गया था।
गिफ्ट में मिला था Gucci बैग और iPhone
नोरा ने जांच अधिकारियों को बताया था कि कार्यक्रम के बाद लीना ने उन्हें Gucci का बैग और iPhone गिफ्ट किया था। इसके बाद फोन पर उनकी बात सुकेश से कराई गई। सुकेश ने कार्यक्रम में आने के लिए धन्यवाद दिया और BMW कार गिफ्ट करने की पेशकश की थी।
नोरा के मुताबिक, शुरुआत में वह महंगी कार लेने को लेकर सहज नहीं थीं। बाद में सुकेश ने उनके रिश्तेदार बॉबी से संपर्क किया। दोनों के बीच फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत भी हुई थी।
क्या है 200 करोड़ की ठगी का मामला?
आरोप है कि सुकेश ने जेल में रहते हुए खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर पूर्व फोर्टिस प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से संपर्क किया। उसने उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने का भरोसा देकर 2020 से 2021 के बीच करीब 200 करोड़ रुपये वसूले। प्रवर्तन निदेशालय के मुताबिक, सुकेश जेल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। मामले की जांच जारी है।