रायपुर: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद यह उनका प्रदेश का पहला दौरा होगा। वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की भी मौजूदगी रहेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आमंत्रण पर नितिन नबीन ने छत्तीसगढ़ आने की सहमति दी है। उनके दौरे को भाजपा संगठन और प्रदेश की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार प्रदेश पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है।
स्मृति ईरानी भी कार्यक्रम में होंगी शामिल
धरमजयगढ़ में होने वाले कार्यक्रम में नितिन नबीन के साथ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी शामिल होंगी। कार्यक्रम के जरिए जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद किया जाएगा।
क्यों मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस?
हर साल 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में इस दिन को मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सम्मान देना और जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं तथा ऐतिहासिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया था। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ जनजातीय समाज के स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। इस दिन देशभर में उनके साथ अन्य आदिवासी नायकों के योगदान को भी याद किया जाता है।