राज्योत्सव में दिखेगा वायुसेना का शौर्य, 8 हजार फीट से छलांग लगाएगी ‘आकाशगंगा’ टीम

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में आज दर्शकों को भारतीय वायुसेना की स्काईडाइविंग टीम ‘आकाशगंगा’ का रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिलेगा। नवा रायपुर में टीम के आठ प्रशिक्षित जवान करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर अपने साहस और सैन्य कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

इस दौरान हवा में करतब दिखाने के साथ पैराशूट के जरिए सटीक लैंडिंग की जाएगी। अनुशासन, तालमेल और तकनीकी दक्षता से भरपूर यह प्रदर्शन राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा करेंगे नेतृत्व

‘आकाशगंगा’ टीम का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा करेंगे। प्रदर्शन में शामिल आठों जवान प्रशिक्षित पैराशूट जंप इंस्ट्रक्टर हैं। टीम आगरा से AN-32 विमान के जरिए नवा रायपुर पहुंचेगी।

हजारों फीट की ऊंचाई से एक साथ छलांग लगाने और पैराशूट के सहारे निर्धारित स्थान पर सुरक्षित उतरने का नजारा दर्शकों के लिए खास होगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ दिखेगा सैन्य कौशल

राज्योत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगारंग कार्यक्रमों के बीच वायुसेना का यह प्रदर्शन आयोजन में रोमांच का नया रंग जोड़ेगा। ‘आकाशगंगा’ टीम के करतबों के जरिए दर्शकों को भारतीय वायुसेना के प्रशिक्षण, साहस और टीमवर्क की झलक देखने को मिलेगी।