रायपुर छत्तीसगढ़ के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम भंडेरा में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। बालोद जिले स्थित उनके गांव में अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
विधायक कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर गृहग्राम भंडेरा पहुंचने पर शोक का माहौल रहा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, गुरु खुशवंत साहेब और दयालदास बघेल सहित कांकेर और दुर्ग के सांसद, पूर्व विधायक, निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव याद रहेगा: सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका निधन पूरे क्षेत्र की जनता के साथ-साथ उनके लिए भी व्यक्तिगत रूप से अत्यंत पीड़ादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा का सरल व्यक्तित्व, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।