नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही को सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की कथित जबरन वसूली के मामले में दिल्ली की अदालत ने समन जारी किया है। उन्हें 2 नवंबर 2026 को राउज एवेन्यू कोर्ट में गवाह के तौर पर पेश होकर बयान दर्ज कराना होगा।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, नोरा का नाम इस मामले में दाखिल तीसरी चार्जशीट के बाद सामने आया है। अदालत ने उन्हें अभियोजन पक्ष की गवाह के रूप में बुलाया है। हालांकि, समन जारी होने का मतलब यह नहीं है कि अभिनेत्री इस मामले में आरोपी हैं।
महंगे गिफ्ट को लेकर जांच में आया नाम
जांच के दौरान नोरा फतेही का नाम सुकेश चंद्रशेखर के सहयोगियों के साथ कथित संपर्क और महंगे उपहारों को लेकर सामने आया था। आरोप है कि उन्हें सुकेश के सहयोगियों के जरिए लग्जरी गिफ्ट मिले थे।
नोरा पहले ही इस मामले में किसी भी गलत गतिविधि या मनी लॉन्डरिंग में शामिल होने से इनकार कर चुकी हैं। उनका कहना रहा है कि वह खुद इस मामले में पीड़ित हैं और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग कर रही हैं।
क्या है 200 करोड़ रुपये की वसूली का मामला?
यह मामला साल 2020 का है। आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने जेल में बंद पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह को फोन किया था। उसने कथित तौर पर खुद को केंद्र सरकार का वरिष्ठ अधिकारी बताकर उनके पति को जमानत दिलाने में मदद का भरोसा दिया और इसके बदले बड़ी रकम मांगी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, सुकेश फोन कॉल के दौरान कॉल स्पूफिंग तकनीक का इस्तेमाल करता था, जिससे सरकारी कार्यालयों के नंबर दिखाई देते थे।
रोहिणी जेल से नेटवर्क चलाने का आरोप
जांच एजेंसियों का आरोप है कि सुकेश ने रोहिणी जेल में रहते हुए एक साल से ज्यादा समय तक वसूली का नेटवर्क चलाया। अगस्त 2021 में अदिति सिंह की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की। जांच के दौरान सुकेश और उसके कथित सहयोगियों की भूमिका सामने आई।