सूरजपुर की कोयला खदान में 25 नकाबपोश बदमाशों का धावा, ऑपरेटर को बंधक बनाकर केबल चोरी

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में SECL बिश्रामपुर की बलरामपुर 10/12 भूमिगत कोयला खदान में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे 20 से 25 बदमाश खदान के पंखा घर में घुसे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर को बंधक बनाया और लाखों रुपये की केबल काटकर फरार हो गए।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी

मिली जानकारी के मुताबिक, बदमाश हथियारों से लैस थे। उन्होंने ऑपरेटर को अपने कब्जे में लेकर विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद खदान परिसर से केबल काटी और उसे लेकर फरार हो गए।

एक साल में कई बार हो चुकी है चोरी

बताया जा रहा है कि पांच से छह दिनों के भीतर इस क्षेत्र में केबल चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। पिछले एक साल में यहां दर्जनों बार ऐसी वारदातें सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही चोरी से खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

कर्मचारियों में डर और नाराजगी

खदान परिसर में हथियारबंद बदमाशों के घुसने और कर्मचारी को धमकाने की घटना से कर्मचारियों में भय और आक्रोश है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।