छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर PM मोदी, अमित शाह और CM साय ने दी बधाई, विकास के संकल्प पर दिया जोर

रायपुर: छत्तीसगढ़ आज 1 नवंबर को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और गौरवशाली विरासत की सराहना की।

PM मोदी ने संस्कृति और विकास की तारीफ की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा, लोक परंपराओं और पुरातात्विक धरोहरों के लिए विशेष पहचान रखता है। उन्होंने प्रदेश में नक्सलवाद के कमजोर पड़ने और विकास की गति तेज होने पर भी खुशी जताई।

अमित शाह बोले- विकसित भारत में अहम भूमिका निभाएगा छत्तीसगढ़

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ विकास के नए अध्याय लिख रहा है। उन्होंने प्रदेश की जनजातीय संस्कृति और प्राचीन परंपराओं को उसकी पहचान बताते हुए विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

CM साय ने अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश की सुख-समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व से छत्तीसगढ़ राज्य का गठन संभव हुआ। राज्य सरकार उनके विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को पूरा करने के लिए काम कर रही है।

जवानों के साहस और बलिदान को किया नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल का राज्योत्सव विशेष है। उनके मुताबिक, प्रदेश नक्सलवाद से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए दौर की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सुरक्षा बलों के योगदान का उल्लेख किया। साथ ही जवानों के साहस और बलिदान को नमन किया।

2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प

सीएम साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव में खुशहाली लाना, युवाओं को बेहतर अवसर देना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से वर्ष 2047 तक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की।