मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड भरेगा 289 यतीम बच्चों की स्कूल फीस, 21 लाख रुपये से ज्यादा होंगे खर्च

मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड भोपाल के 289 यतीम बच्चों की स्कूल फीस के लिए 21 लाख रुपये से अधिक खर्च करेगा। चयनित बच्चों को वक्फ संपत्ति से होने वाली आय के जरिए अधिकतम 10 हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी। इसका उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई रुकने से बचाना है।

बोर्ड के मुताबिक, भोपाल स्थित यतीमखाना संपत्ति से प्राप्त आय का इस्तेमाल बच्चों की शिक्षा के लिए किया जाएगा। दानदाता की शर्तों के अनुसार सहायता के लिए आवेदन मंगाए गए थे। आवेदनों की जांच के बाद 289 बच्चों को पात्र पाया गया।

वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने क्या कहा?

मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने बताया कि वक्फ संपत्तियों से मिलने वाली आय का उपयोग जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के बाद प्राप्त आय से बच्चों की शिक्षा में सहयोग किया जा रहा है।

बोर्ड के अनुसार, इस सहायता से चयनित बच्चों के परिवारों को स्कूल फीस का खर्च उठाने में राहत मिलेगी और उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी।