जशपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के 10 वर्षीय ऋतिक यादव के इलाज के लिए 18 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की है। ऋतिक का बोन मैरो ट्रांसप्लांट बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में किया जाएगा।
ऋतिक के पिता मेघनाथ यादव ने इलाज के भारी खर्च को देखते हुए बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आर्थिक मदद की गुहार लगाई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत राशि स्वीकृत की गई।
बोन मैरो ट्रांसप्लांट एक महंगी और जटिल चिकित्सा प्रक्रिया है। ऐसे में आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को बच्चे के इलाज की उम्मीद मिली है।
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का उद्देश्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पात्र मरीजों को आर्थिक मदद देना है, ताकि पैसों की कमी के कारण उनका उपचार प्रभावित न हो।
ऋतिक के परिजनों ने सहायता राशि स्वीकृत करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया है।