बिजली बिल बकाया जमा करने का मौका 31 दिसंबर तक बढ़ा, 5 लाख उपभोक्ताओं ने नहीं चुकाए पैसे

रायपुर: छत्तीसगढ़ में बिजली बिल बकाया भुगतान समाधान योजना की समयसीमा 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दी गई है। योजना में पंजीयन कराने के बावजूद पांच लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं ने अब तक बकाया राशि जमा नहीं की है।

प्रदेश में मार्च से शुरू हुई इस योजना के तहत 12 लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया है। बिजली कंपनी को पंजीयन शुल्क और बकाया भुगतान से करीब 110 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं, उपभोक्ताओं के 770 करोड़ रुपये के सरचार्ज माफ किए गए हैं।

योजना की समयसीमा पहले 30 जून थी, जिसे बाद में सितंबर तक बढ़ाया गया। अब उपभोक्ताओं को बकाया चुकाने के लिए दिसंबर तक का समय दिया गया है। इसके बाद भी भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जा सकते हैं।

BPL उपभोक्ताओं को ज्यादा राहत

योजना के तहत बीपीएल उपभोक्ताओं को विशेष छूट दी गई है। 31 मार्च 2023 से पहले कनेक्शन कट चुके पात्र उपभोक्ताओं को सरचार्ज में पूरी छूट और मूल बकाया राशि में 75 फीसदी तक की छूट का प्रावधान है।

पांच साल से ज्यादा पुराने बकाया पर भी पात्र बीपीएल उपभोक्ताओं को मूल राशि में 75 फीसदी और एक से पांच साल के बकाया पर 50 फीसदी छूट दी जाती है।

सामान्य उपभोक्ताओं को भी छूट

एपीएल यानी सामान्य वर्ग के उपभोक्ताओं को पूरा बकाया एकमुश्त जमा करने पर मूल राशि में 10 फीसदी छूट मिलेगी। तीन किस्तों में भुगतान करने पर 5 फीसदी छूट का प्रावधान है। छह किस्तों में भुगतान की सुविधा भी है, लेकिन इसमें मूल राशि पर छूट नहीं मिलेगी।