एंटरटेनमेंट डेस्क, 1 अगस्त। Alia Bhatt : बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट (Alia Bhatt) इन दिनों एक ओर जहां अपनी फिल्म डार्लिंग्स और ब्रह्मास्त्र को लेकर चर्चा में हैं तो वहीं दूसरी ओर उनकी प्रेग्नेंसी भी खूब खबरों में हैं। आलिया जहां भी जाती हैं, उनकी प्रेग्नेंसी और होने वाले बेबी का जिक्र जरूर होता है। कुछ दिनों पहले आलिया भट्ट और रणबीर कपूर को लेकर ऐसी खबरें सामने आई थीं कि कपल के घर ट्विन्स किलकारी मारेंगे। ऐसे में आलिया भट्ट ने अब इस सवाल पर सीधा और मजेदार जवाब दिया है।
बाबा, बेबी या ट्विन्स?
आलिया भट्ट इन दिनों फिल्म डार्लिंग्स को लेकर चर्चा में हैं और खूब प्रमोशन कर रही हैं। फिल्म क प्रमोशन के दौरान आलिया ने बॉलीवुड हंगामा से भी बात की और फरीदून के सवाल ‘बाबा, बेबी या ट्विन्स’ पर रिएक्ट किया। आलिया ने इसके जवाब में कहा, ‘क्या पता, जो भी भगवान दे दे, मतलब भगवान नहीं। जो मिले…।’ इतने भी फिल्म डार्लिंग्स की डायरेक्टर जसमीत के रीन धीरे से कहती हैं- ‘रणबीर दे दे’, ये सुनकर दोनों हंस पड़ती हैं। इसके बाद आलिया कहती हैं- ‘सिर्फ एक स्वस्थ बच्चा।’
रणबीर- आलिया के फैन्स हैं एक्साइटिड
गौरतलब है कि इन दिनों रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के फैन्स काफी एक्साइटिड हैं। पर्सनल और प्रोफेशनल लेवल पर ही फैन्स को जल्दी ही गुड न्यूज मिलने वाली हैं। दरअसल एक ओर जहां रणबीर- आलिया पहली बार फिल्म ब्रह्मास्त्र में साथ नजर आने वाले हैं तो दूसरी ओर आलिया भट्ट प्रेग्नेंट हैं और जल्दी ही कपूर परिवार में किलकारी गूंजेगी। कुछ वक्त पहले आलिया ने एक तस्वीर शेयर करते हुए अपनी प्रेग्नेंसी की न्यूज फैन्स के साथ शेयर की थी।
पैन इंडिया फिल्म है ब्रह्मास्त्र
रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, मौनी रॉय और नागार्जुन की फिल्म ब्रह्मास्त्र के लिए हर कोई सुपर एक्साइटिड है। इस फिल्म के ट्रेलर में जिस तरह के वीएफएक्स दिखाए गए, उसे पहले हिंदी सिनेमा में नहीं देखा गया है। वहीं माइथोलॉजी से फिल्म को जोड़ना इसे और भी खास बना देता है। इसके साथ ही पहली बार किसी फिल्म में रणबीर- आलिया एक साथ नजर आ रहे हैं। इन सबके अलावा फिल्म में शाहरुख खान का भी कैमियो होगा। बीते 9 सालों से अयान मुखर्जी इस फिल्म पर काम कर रहे थे। फिल्म 9 सितंबर को रिलीज होगी। ये एक पैन इंडिया फिल्म है, जो हिंदी के साथ ही तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज होगी।