रायपुर, 19 अक्टूबर। राज्यसभा सांसद सुश्री डॉ. सरोज पाण्डेय ने प्रदेश कार्यसमिति बैठक में कहा कि आज हम नई कार्यपद्धति अर्थात वर्चुअल माध्यम से इस बैठक में सम्मिलित हुए हैं। आज राजनीतिक प्रस्ताव और कृषि प्रस्ताव पास हुए यह दोनों ही महत्वपूर्ण हैं। आज प्रदेश की संघीय व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, राजभवन में नियुक्ति तक पर राज्य सरकार का हस्तक्षेप चिंताजनक है।
बैठक में राष्ट्रीय संगठन सह संगठन महामंत्री वी. सतीश जी ने अपने संबोधन में कहा कि कोरोना महामारी के चलते हमनें अपनों को खोया है। कई भाजपा कार्यकर्ताओं को खोया है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। श्री सतीश ने कहा कि वैश्विक संकट के समय में 130 करोड़ का हमारा देश पूर्ण आत्मविश्वास के साथ लड़ाई लड़ रहा है, और भारत आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर हो रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने वोकल फ़ॉर लोकल का नारा दिया है जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। आने वाले समय में चुनौतियां और बड़ी होंगी इसके लिए हमको तैयार रहना हैं।
राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह- ने बैठक में कहा कि संगठन की संरचना के साथ साथ सभी शक्ति केंद्रों के प्रमुख, सहप्रमुखों के साथ छोटी छोटी बैठकें हो जाएं और उनके कार्यों व दायित्यों की समीक्षा के साथ साथ बूथों की बैठक और तैयारी को लेकर व्यापक कार्ययोजना बना कर काम करना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शक्ति केंद्र बूथ, मंडल को मजबूत कर प्रत्येक जिले में प्रत्येक विधानसभा और मंडल स्तर तक स्थानीय समस्याओं पर धरना प्रदर्शन की तैयारी को और मजबूत करने की दिशा में कार्य करने व्यापक कार्ययोजना बना कर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे पास कार्यकर्ताओं की एक बड़ी ताकत है। शक्ति केंद्र, बूथ, मंडल, जिला स्तर की ही बात करें तो 1 लाख से अधिक प्रमुख कार्यकर्ता हैं। विपक्ष में होने के नाते मजबूती से हर मोर्चे पर कार्यकर्ताओं को ताकत और जोश के साथ लड़ना होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज राजनीतिक प्रस्ताव और कृषि प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा हुई प्रस्ताव लाया गया। उन्होनें कहा कि प्रदेश में यह चर्चा है की कोई मुख्यमंत्री 2 साल में कैसे अलोकप्रिय हो सकता है । मुख्यमंत्री राज्यपाल को कहते है कि मर्यादा का पालन करें यह आश्चर्यजनक हैं। आज किसान अंदर ही अंदर आंदोलित है। दो साल का बोनस, समर्थन मूल्य नहीं दिया गया। महिलाएं शराब बंदी के झूठे वादे के बाद ठगी हुई महसूस कर रही हैं। युवा बेरोजगारी भत्ता की बांट जोह रहे हैं। आज प्रदेश में ऐसा वातावरण निर्मित हैं जो हमारे लक्ष्य को साकार करेगा। आज प्रदेश में नरवा गरवा बाड़ी की क्या स्तिथि हैं इसके लिए टास्क फोर्स बना कर के कार्यकर्ता एक एक पंचायत में जाएंगे कार्ययोजना बना कर जाएंगे तो असलियत सामने आएगी कितने घोटाले हुए हैं। आज प्रदेश में एक एक सेक्टर में जो कई कई योजनाओं का लाभ मिलना था उन योजनाओं का ठीक से क्रियान्वयन ही नही हो पा रहा हैं सरकार विफल हो चुकी हैं। ग्रामीण आवास योजना आज राज्य सरकार की लचर व्यवस्था के चलते ध्वस्थ हो चुकी है जनता का सीधा नुकसान इस सरकार ने कर दिया हैं।