नक्सलमुक्त अबूझमाड़ में विकास की नई शुरुआत, हांदावाड़ा पहुंचे मंत्री केदार कश्यप

दंतेवाड़ा। नक्सलवाद से प्रभावित रहे अबूझमाड़ के दुर्गम वनांचल क्षेत्र हांदावाड़ा में अब विकास कार्यों को गति मिल रही है। शनिवार को प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने यहां जनचौपाल और दीपावली मिलन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 10.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तुमरीगुण्डा-हांदावाड़ा सड़क का भूमि-पूजन किया। साथ ही क्षेत्र में करीब 1.57 करोड़ रुपये के अन्य विकास कार्यों की सौगात दी।

मंत्री केदार कश्यप के नक्सलमुक्त होने के बाद पहली बार हांदावाड़ा पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। उन्होंने जनचौपाल में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और विकास संबंधी जरूरतें सुनीं।

सड़क निर्माण से आसान होगा आवागमन

कार्यक्रम में तुमरीगुण्डा से हांदावाड़ा तक 7.40 किलोमीटर लंबी सड़क का भूमि-पूजन किया गया। इसके अलावा पहुरनार मार्ग से बड़ेकरका तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली सड़क का भी भूमि-पूजन हुआ। इस सड़क की लागत चार करोड़ 36 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही दुर्गम गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क बेहतर होगा।

शांति और विकास का संदेश

मंत्री ने कहा कि अबूझमाड़ में शांति और विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। उन्होंने दीपावली मिलन समारोह में लोगों को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।