दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पिकअप वाहन से बरामद चार करोड़ रुपये की नकदी वापस लेने के लिए दाखिल सुपुर्दनामा आवेदन सत्र न्यायालय ने खारिज कर दिया है। 27 नवंबर को सुनवाई के बाद प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ की अदालत ने कहा कि मामला गंभीर है और जांच अभी जारी है। ऐसे में जब्त रकम आवेदक को नहीं सौंपी जा सकती।
दरअसल, खुर्सीपार पुलिस ने 25 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे रायपुर-दुर्ग मुख्य मार्ग पर पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 को रोककर तलाशी ली थी। वाहन में बनाए गए विशेष चेंबर से चार करोड़ रुपये नकद बरामद हुए थे। उस समय वाहन में भावेश भाई डाभी और विष्णुदेव दुबे सवार थे।
पूछताछ में दोनों व्यक्ति रकम के संबंध में संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके। उन्होंने नकदी को जेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन के कारोबार से जुड़ा बताया था। इसके बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत रकम जब्त कर आयकर विभाग को जांच के लिए सौंप दी।
गुजरात के कारोबारी ने जताया था रकम पर दावा
गुजरात के गांधीनगर निवासी कमलेश आर. शाह ने 30 अक्टूबर को दुर्ग न्यायालय में सुपुर्दनामा आवेदन पेश किया था। उन्होंने अकोला न्यायालय के उत्तराधिकार आदेश और अपनी दिवंगत पत्नी नीना शाह की फर्म मेसर्स मेक टेक से जुड़े दस्तावेज देकर रकम पर अपना अधिकार जताया था।
पहले न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अंजली सिंह की अदालत ने उनका आवेदन खारिज कर दिया था। इसके बाद कारोबारी ने प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायालय में अपील की। पुलिस के मुताबिक, आवेदक यह भी साबित नहीं कर सके कि पिकअप में सवार दोनों व्यक्ति उनके कर्मचारी थे।
27 नवंबर को सुनवाई के बाद सत्र न्यायालय ने भी आवेदन खारिज कर दिया। फिलहाल चार करोड़ रुपये की बरामदगी से जुड़े मामले में जांच जारी है।