मुंगेली में पत्नी की हत्या के दोषी पति को उम्रकैद, खाना बनाने में देरी पर किया था हमला

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में खाना बनाने में देरी को लेकर पत्नी की हत्या करने वाले पति को सत्र न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी तितरु बैगा (45) ने विवाद के दौरान चूल्हे से जलती लकड़ी की अंगीठी निकालकर पत्नी जूगरी बाई बैगा पर हमला किया था। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई थी।

अभियोजन के अनुसार, घटना लोरमी थाना क्षेत्र की खुड़िया चौकी अंतर्गत ग्राम औरपानी की है। खाना देर से बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने पत्नी पर जलती अंगीठी से हमला कर दिया। घटना के बाद उसने शव को खटिया पर लिटा दिया था।

मृतका के बेटे की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। जांच में आरोपी की जर्सी, लकड़ी की अंगीठी और घटनास्थल पर मानव रक्त मिलने की पुष्टि वैज्ञानिक प्रयोगशाला की रिपोर्ट में हुई।

सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत में 15 गवाहों के बयान पेश किए। गवाहों की गवाही और वैज्ञानिक साक्ष्यों को महत्वपूर्ण मानते हुए सत्र न्यायाधीश श्रीमती गिरिजा देवी मरावी ने आरोपी को दोषी ठहराया।

भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत तितरु बैगा को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई गई। मामले में लोक अभियोजक रजनीकांत सिंह ठाकुर ने पैरवी की, जबकि विवेचना उप निरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी ने की। यह सत्र प्रकरण क्रमांक 8/2025 था।