कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से अपनी प्रतिभा पहचानकर भविष्य के लिए लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि अपने चुने हुए क्षेत्र में दक्षता और कौशल हासिल करना भी होना चाहिए।
कोंडागांव जिले के मर्दापाल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में शनिवार को दो दिवसीय ‘दिशा युवा समागम’ की शुरुआत हुई। इसमें क्षेत्र की करीब 12 शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को मोबाइल का इस्तेमाल मनोरंजन के बजाय ज्ञान हासिल करने और नई तकनीक सीखने के लिए करना चाहिए। हर विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत उसे पहचानकर सही दिशा में विकसित करने की है। उन्होंने युवाओं से असफलताओं से निराश न होकर लगातार प्रयास करने की अपील की।
स्कूल में डोम शेड बनाने की घोषणा
मंत्री केदार कश्यप ने मर्दापाल के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में डोम शेड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में छात्रावासों और प्राथमिक स्कूलों को मंजूरी दी गई है। महाविद्यालय भवन का काम टेंडर प्रक्रिया में है, जबकि मिनी स्टेडियम भी प्रस्तावित है।
उन्होंने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत और विकसित बस्तर के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं, समय प्रबंधन और व्यक्तित्व विकास की जानकारी दी। इस दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया और उनकी जिज्ञासाओं के जवाब दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।