मुंगेली को 465 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, CM साय ने 77 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 465 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी है। शुक्रवार को ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुल 77 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 68 करोड़ रुपये से अधिक के 24 कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपये से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गांवों की खुशहाली, किसानों की समृद्धि और आम नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है।

सड़क, सिंचाई और पेयजल सुविधाओं का होगा विस्तार

मुख्यमंत्री के मुताबिक, जिले में करीब 143 करोड़ रुपये की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इनसे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी।

कंतेली में कॉलेज और पंचायत भवन बनाने की घोषणा

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य कराने की भी घोषणा की।

अरुण साव और तोखन साहू ने भी किया संबोधित

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने जिले को मिली विकास कार्यों की सौगात पर बधाई दी। वहीं, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार मुंगेली में सड़क, पुल-पुलिया और पेयजल जैसी सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रही है।

मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि और सामग्री भी वितरित की गई।