जनजातीय गौरव सप्ताह 18 नवंबर तक: CM साय बोले- जनजातीय समाज भारत की आत्मा, विकसित भारत का बनेगा मजबूत आधार

रायपुर: छत्तीसगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि जनजातीय समाज भारत की आत्मा है और 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उसकी अहम भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ ‘उलगुलान’ आंदोलन का नेतृत्व किया और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए जनजातीय समाज को एकजुट किया।

जनजातीय नायकों के योगदान को किया याद

सीएम साय ने कहा कि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से पहले ही जनजातीय वीरों ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष शुरू कर दिया था। उन्होंने तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, फूलो-झानो, वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती और रानी गाइदिन्ल्यू सहित कई स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का उल्लेख किया।

जनजातीय कल्याण के लिए बढ़ा बजट

मुख्यमंत्री के मुताबिक, जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, वन अधिकार पट्टा और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया।

2047 के विकसित भारत में जनजातीय समाज की भागीदारी

सीएम साय ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सड़क और रोजगार की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने सिकल सेल उन्मूलन मिशन और आयुष्मान भारत योजना को भी महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा और स्थानीय जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि देने की अपील की।