पीएम मोदी ने जवानों के साथ मनाई दिवाली, बस्तर पहुंचने पर सीएम साय ने जताया आभार

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचे। वह यहां नक्सल विरोधी अभियान में तैनात सीआरपीएफ के जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री के बस्तर पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया के जरिए उनका स्वागत किया और आभार जताया।

मुख्यमंत्री साय ने अपनी पोस्ट में लिखा, “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, बस्तर की पावन धरा पर आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।”

उन्होंने कहा कि बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह और आत्मीय लगाव रहा है। उनका यह जुड़ाव राज्य के लोगों के लिए प्रेरणादायी है।

सीएम साय ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बस्तर भय और हिंसा के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने जवानों के बीच दिवाली मनाने के प्रधानमंत्री के फैसले को उनके साहस, त्याग और समर्पण के सम्मान से जोड़ा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री की मौजूदगी से सुरक्षा बलों के जवानों का मनोबल भी बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही कामना की कि छत्तीसगढ़ को उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन लगातार मिलता रहे।

प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान और क्षेत्र में शांति एवं विकास की गतिविधियां जारी हैं।