जगदलपुर में सड़क पर दुकान लगाने को लेकर विवाद, बड़े व्यापारियों ने जताया विरोध; यातायात व्यवस्था प्रभावित

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर के संजय मार्केट रोड पर शनिवार को सड़क किनारे दुकान लगाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। ग्रामीण क्षेत्रों से आए छोटे दुकानदारों द्वारा सड़क पर दुकानें लगाए जाने का स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। व्यापारियों ने नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए फुटकर विक्रेताओं के लिए अलग स्थान निर्धारित करने की मांग की।

सड़क पर दुकानें लगने से कारोबार प्रभावित

संजय मार्केट रोड के स्थायी व्यापारियों का कहना है कि सड़क के बीच दुकानें लगाए जाने से यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है। इसके कारण ग्राहकों को उनकी दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती है। व्यापारियों का आरोप है कि दुकानों के सामने अस्थायी दुकानें लगने से उनका कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने नगर निगम से मांग की है कि अस्थायी विक्रेताओं के लिए पहले से निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति न बने।

छोटे दुकानदार बोले- यातायात बाधित करना हमारा मकसद नहीं

दूसरी ओर, ग्रामीण क्षेत्रों से आए छोटे दुकानदारों और फुटकर विक्रेताओं का कहना है कि उनका उद्देश्य यातायात बाधित करना नहीं है। वे साल में केवल एक या दो बार विशेष अवसरों पर शहर में दुकान लगाने आते हैं। इसी से उनकी और उनके परिवार की आजीविका चलती है।

विक्रेताओं का कहना है कि यदि प्रशासन उन्हें कोई निश्चित और उपयुक्त स्थान उपलब्ध करा दे, तो वे वहां दुकान लगाने के लिए तैयार हैं। हालांकि, ऐन वक्त पर विरोध या कार्रवाई होने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो जाता है।

न वेंडिंग जोन तय, न यातायात प्रबंधन की व्यवस्था

इस विवाद के बीच नगर निगम की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। हर साल विशेष अवसरों पर ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में फुटकर विक्रेता शहर पहुंचते हैं। इसके बावजूद उनके लिए पहले से वेंडिंग जोन निर्धारित नहीं किए जाते और न ही यातायात प्रबंधन की कोई ठोस योजना बनाई जाती है।

व्यापारी, छोटे विक्रेता और आम लोग परेशान

समय रहते उचित व्यवस्था नहीं होने का असर स्थायी व्यापारियों, छोटे दुकानदारों और आम जनता पर पड़ रहा है। यदि नगर निगम हाट मैदान या किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर अस्थायी बाजार की व्यवस्था करे, तो सड़क पर जाम की समस्या से बचा जा सकता है।

इससे छोटे दुकानदारों की आजीविका भी सुरक्षित रहेगी और स्थायी व्यापारियों को भी कारोबार करने में परेशानी नहीं होगी।