सरकारी कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा, CGEOF प्रतिनिधिमंडल ने CM साय का जताया आभार

रायपुर: छत्तीसगढ़ के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन (CGEOF) ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया है। फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम निवास में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस फैसले को कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया।

लंबे समय से की जा रही थी मांग

फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा लंबे समय से प्रमुख मांग रही है।

गंभीर बीमारी और इमरजेंसी में मिलेगी राहत

फेडरेशन के मुताबिक, इस सुविधा से गंभीर बीमारियों और आपातकालीन उपचार के दौरान कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब इलाज के लिए पहले बड़ी रकम जुटाने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की लंबी प्रक्रिया से गुजरने की परेशानी कम होगी।

इस फैसले से लाखों सरकारी कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिलने की उम्मीद है। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने इसे कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।

प्रतिनिधिमंडल में ये सदस्य रहे मौजूद

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा और संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।