रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में एक किराए के मकान से मां और बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के शव कमरे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। मां का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि बेटे की लाश बिस्तर पर मिली। बताया जा रहा है कि कमरा पिछले तीन से चार दिनों से बंद था। बदबू फैलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के छोटा अशोक नगर का है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। वहां मां और बेटे के शव बरामद हुए। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
चार साल से किराए के मकान में रह रहे थे मां-बेटे
मृतकों की पहचान 52 वर्षीय जयजी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख देशमुख के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब चार साल से दिलीप मंडल के मकान में किराए पर रह रहे थे।
मकान मालिक से मिली जानकारी के मुताबिक, हंसमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था। हालांकि, मां और बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तीन-चार दिन से बंद था कमरा, बदबू आने पर हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकले थे। दरवाजा अंदर से बंद था। शुरुआत में पड़ोसियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन कमरे से तेज बदबू आने के बाद उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या की आशंका समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।