रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम हवाई प्रदर्शन करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के जरिए देश की विमानन क्षमता और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया जाएगा।
यह एयर शो 2 नवंबर को सुबह 11 बजे से नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होगा। प्रदर्शन में पांच हेलीकॉप्टर शामिल होंगे।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे टीम का नेतृत्व
सारंग टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री साय ने महिला पायलटों की भागीदारी को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि रक्षा और विमानन जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में उनकी मौजूदगी युवाओं, खासकर बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भरता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा और विमानन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, सारंग टीम का प्रदर्शन भारतीय वायु सेना के कौशल, अनुशासन और टीम भावना को सामने लाएगा।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने भी छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि टीम देश-विदेश में अपने हवाई प्रदर्शनों के जरिए भारतीय वायु सेना की दक्षता और उत्कृष्टता का प्रदर्शन करती रही है।
युवाओं के लिए होगा प्रेरणादायी आयोजन
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि एयर शो युवाओं और विद्यार्थियों को विमानन क्षेत्र में करियर बनाने और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा। टीम के पायलटों का सटीक तालमेल और साहस उनके कठिन प्रशिक्षण और अनुशासन को दर्शाता है।
राज्योत्सव के दौरान होने वाला यह प्रदर्शन प्रदेशवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है। दर्शकों को स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के हवाई करतब देखने का अवसर मिलेगा।