चक्रवात के असर से CM साय का सूरजपुर-बलरामपुर दौरा स्थगित, हेलीकॉप्टर नहीं भर सका उड़ान

रायपुर: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान के असर और खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सूरजपुर और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले का प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री को रायपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होना था, लेकिन मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण उड़ान की अनुमति नहीं मिल सकी।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान दोनों जिलों में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ कई कार्यक्रम प्रस्तावित थे। इसके बाद उन्हें जशपुर जिले के बगिया पहुंचना था, जहां रात्रि विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित था।

प्रेमनगर में होना था पहला कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री को सुबह करीब 11 बजे रायपुर से रवाना होना था। इसके बाद दोपहर लगभग 12:20 बजे सूरजपुर जिले के प्रेमनगर स्थित मिडिल स्कूल मैदान पहुंचने का कार्यक्रम था। यहां उन्हें विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करना था। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां भी की गई थीं।

बलरामपुर में लरंग साय की प्रतिमा का करना था अनावरण

सूरजपुर के बाद मुख्यमंत्री का अगला कार्यक्रम बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के जशवंतपुर में प्रस्तावित था। यहां दोपहर करीब 2:40 बजे उन्हें स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण करना था। इसके अलावा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी कार्यक्रम में शामिल था।

शाम को बगिया पहुंचने का था कार्यक्रम

दोनों जिलों के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री को शाम करीब 4:30 बजे जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निजी निवास पहुंचना था। वहां उनके रात्रि विश्राम की योजना थी। खराब मौसम के कारण दौरा स्थगित होने से निर्धारित कार्यक्रम प्रभावित हुए हैं। दौरे की नई तारीख के बारे में फिलहाल जानकारी उपलब्ध नहीं है।