दुर्लभ बीमारी से पीड़ित 10 साल के रिमोन से मिले CM साय, इलाज के लिए 12 लाख रुपये मंजूर

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के चंद्रपुर निवासी 10 वर्षीय रिमोन टंडन के इलाज के लिए 12 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की है। रिमोन एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है। दिल्ली एम्स में जांच के दौरान उसे आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन डिफिशिएंसी टाइप 1ए होने की जानकारी मिली। उसके उपचार के लिए महंगे इंजेक्शन की जरूरत है।

जापान और मलेशिया से आएंगे इंजेक्शन

रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन के मुताबिक, अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के बाद दिल्ली एम्स में बीमारी की पहचान हुई। उपचार के लिए जापान और मलेशिया से करीब 13 लाख रुपये के इंजेक्शन मंगाने की जरूरत बताई गई है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 12 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने से परिवार को राहत मिलने की उम्मीद है।

सिंगर बनना चाहता है रिमोन

रिमोन को गाने का शौक है। वह नवरात्र के दौरान दुर्गा पंडालों और मंदिरों में जसगीत गाता है। बीमारी के कारण उसकी नियमित स्कूलिंग नहीं हो सकी, लेकिन वह घर पर पढ़ाई करता है। उसका सपना सिंगर बनने का है।

सीएम ने गोद में उठाकर दुलारा

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रिमोन ने गीत सुनाया। सीएम साय ने उसे स्नेह से दुलारा और स्वस्थ होकर अपने सपने पूरे करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने परिवार को उपचार में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।